Maharajganj

Maharajgnj News : जिले में भव्य तिरंगा महोत्सव, देशभक्ति के रंग में रंगा महराजगंज

 

जिलाधिकारी ने हर घर तिरंगा अभियान को बनाया जन-आंदोलन

रक्तदान शिविर, तिरंगा प्रदर्शनी और 500 मीटर तिरंगे के साथ निकली रैली

स्वतंत्रता सेनानियों और फ्रंटलाइन कर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि व सम्मान

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में मंगलवार को एक  निजी मैरिज लॉन से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तिरंगा महोत्सव का आयोजन धूमधाम से हुआ। कार्यक्रम में देशभक्ति का जज़्बा, अमर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि और हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 15 अगस्त तक अपने घर, बाजार, गांव और नगर को तिरंगे से सजाएं और अभियान में वालंटियर के रूप में जुड़ें।

मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने कहा कि यह आयोजन देश के प्रति सम्मान और गौरव का प्रतीक है। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर तिरंगा थीम पर जनजागरूकता प्रदर्शित की।

महोत्सव में रक्तदान शिविर, तिरंगा प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट खास आकर्षण रहे। जिलाधिकारी ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और तिरंगा गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों की सराहना की और स्वयं सेल्फी लेकर harghartiranga.com पर अपलोड की।

कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नवोदय विद्यालय सहित कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को जोश और गर्व से भर दिया। लोकगायक दिग्विजय मौर्या और कुमार सुजीत की प्रस्तुतियां भी सराही गईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन कर्मियों और युवाओं को सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई और राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ। मुख्य कार्यक्रम स्थल से सक्सेना चौक तक तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस, छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल हुए। रैली का मुख्य आकर्षण करीब आठ विद्यालयों द्वारा 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ किया गया पैदल मार्च रहा, जिसने पूरे मार्ग को तिरंगामय कर दिया।महोत्सव का संचालन अरविंद जयसवाल ने किया और पूरे आयोजन में जनभागीदारी तथा देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल